– पिपलिया अमरसिंह गांव में सनसनीखेज वारदात
– चार वर्ष पहले इसी पेड़ पर बड़े भाई ने भी की थी आत्महत्या
– तीन मासूम बच्चों से छिना मां का साया, दोहरी मौत से पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल
– सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
रायसेन ज़िले की गैरतगंज तहसील के ग्राम पिपलिया अमरसिंह में एक ही परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। गुरुवार को घर से बेगमगंज जाने के लिए निकली 25 वर्षीय विवाहिता शाम तक वापस नहीं लौटी। देर रात उसका शव खेत में मिला और शुक्रवार सुबह हत्या के संदेही उसके देवर का शव पास ही एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। कुछ ही घंटों के अंतराल में परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, भुजबल अहिरवार की पत्नी सुनीता अहिरवार उम्र 25 वर्ष गुरुवार सुबह अपने देवर मन्नू अहिरवार उम्र 28 वर्ष के साथ बाइक से बेगमगंज गई थीं। शाम करीब छह बजे सुनीता का मोबाइल फोन बंद हो गया। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने मन्नू से संपर्क किया, लेकिन उसके जवाब संदिग्ध प्रतीत हुए। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान गांव से करीब 500 मीटर दूर सांवली-शोभापुर मार्ग के पास एक खेत में सुनीता का शव मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसके सिर पर भारी पत्थर से वार कर निर्मम हत्या की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी डी.पी. लोहिया के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और रातभर आरोपी की तलाश जारी रखी।
शुक्रवार सुबह घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक पेड़ से मन्नू अहिरवार का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका मान रही है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की सच्चाई सामने आएगी।
चार साल पहले भी इसी पेड़ से भाई ने लगाई थी फांसी
इस दर्दनाक घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि ग्रामीणों के अनुसार जिस पेड़ पर मन्नू ने फांसी लगाई, करीब चार वर्ष पहले उसी पेड़ पर उसके एक अन्य भाई ने भी आत्महत्या की थी। एक ही परिवार में दोबारा उसी स्थान पर हुई इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग स्तब्ध हैं।
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतका सुनीता अहिरवार अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर किसी की जुबान पर इसी दर्दनाक घटना की चर्चा है।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या और आत्महत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।