रायसेन के किसानों को मांग के अनुसार मिलेगा पानी
डैम में 1507 फीट पहुंचा जलस्तर
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
रबी सीजन की फसलों की सिंचाई के लिए किसानों को जल्द ही हलाली डैम की नहरों से पानी मिलने लगेगा। सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम नरखेड़ा, जमुनिया, सरार, कयामपुर, संग्रामपुर, करैया, मुस्काबाद, सेमरा, अंबाडी, छोला सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में 16 से 17 नवंबर के बीच नहरों में पानी छोड़े जाने की तैयारी की जा रही है। सिंचाई विभाग द्वारा नहरों में पानी पहुंचाने से पहले साफ-सफाई का काम तेजी से कराया जा रहा है, ताकि किसानों के खेतों तक पानी पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
जानकारी के अनुसार बेगमगंज, गैरतगंज और सांची क्षेत्र के करीब 28 जलाशयों से भी 15 नवंबर तक पानी छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पिछले कुछ दिनों से नहरों की सफाई और मरम्मत का काम चल रहा था। वहीं विदिशा जिले की नहरों में 1 नवंबर से पानी छोड़ना प्रारंभ कर दिया गया है। रायसेन जिले के किसानों को भी उनकी मांग के अनुसार नहरों से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि अभी सांची क्षेत्र के कई गांवों के किसानों ने नहर चालू करने के लिए मांग नहीं की है।

धान की कटाई के बाद बढ़ेगी पानी की मांग
इस वर्ष कई किसानों ने धान की फसल बोई थी, जिसके चलते अभी खेतों में फसल खड़ी है। ऐसे में किसानों को फिलहाल नहरों के पानी की ज्यादा आवश्यकता महसूस नहीं हो रही है। अनुमान है कि 15 नवंबर तक अधिकांश किसानों की धान की कटाई पूरी हो जाएगी। इसके बाद रबी सीजन की फसलों की सिंचाई के लिए पानी की मांग बढ़ेगी। विभाग द्वारा इसी को ध्यान में रखते हुए नहरों की सफाई का काम पूरा कराया जा रहा है।
मांग मिलते ही रायसेन के किसानों को मिलेगा पानी
अनुविभागीय अधिकारी बीके बागुलिया ने बताया कि 1 नवंबर से विदिशा जिले की नहरों में पानी छोड़ना प्रारंभ कर दिया गया है। फिलहाल नहरों की साफ-सफाई कराई जा रही है, ताकि पानी खेतों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। रायसेन जिले के किसानों की ओर से अभी नहरों में पानी छोड़ने की मांग नहीं की गई है। किसान जैसे ही पानी की मांग करेंगे, उनकी आवश्यकता के अनुसार शीघ्र पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

40 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को मिलेगा फायदा
हलाली डैम विदिशा और रायसेन जिले के किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख जलस्रोत है। जलाशय से निकलने वाली नहरों के माध्यम से दोनों जिलों की करीब 40 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाता है। इस वर्ष हलाली डैम का जलस्तर 1507 फीट तक पहुंचने से किसानों को रबी सीजन में पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद है। नहरों की समय पर सफाई और पानी छोड़े जाने से गेहूं, चना, मसूर सहित अन्य रबी फसलों की सिंचाई में किसानों को राहत मिलेगी। इसके अलावा हलाली डैम दोनों जिलों के कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।