कड़ाके की बिजली के साथ गिरा 100 साल पुराना पीपल, मकान धराशायी; बुजुर्ग घायल, दो परिवारों को भारी नुकसान
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम गीदगढ़ में शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे तेज बारिश के दौरान कड़ाके की बिजली कड़कने के साथ लगभग 100 साल पुराना पीपल का विशाल पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ गिरने से गांव में अफरा-तफरी मच गई और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

घटना में मदनलाल पिता मूलचंद (62 वर्ष), निवासी गीदगढ़ पेड़ की चपेट में आने से मामूली रूप से घायल हो गए। वहीं उनके मकान पर विशाल पेड़ गिरने से आधा मकान धराशायी हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
पेड़ गिरने से पास में स्थित शैतान सिंह धाकड़ पिता हुकम सिंह धाकड़ के मकान का बाथरूम भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लगातार हो रही बारिश के बीच हुए इस हादसे से दोनों परिवारों में दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलने पर हल्का पटवारी ललित दुबे मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। उन्होंने दोनों मकानों को हुए नुकसान का आकलन भी किया, ताकि शासन के नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि दीवानगंज क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। लगातार वर्षा और तेज हवाओं के कारण पुराने एवं जर्जर पेड़ों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे पुराने पेड़ों का सर्वे कर आवश्यक कदम उठाने तथा प्रभावित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।