वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ धार्मिक अनुष्ठान, बैंड-बाजों, घोड़ों के नृत्य और विशाल भंडारे ने बनाया आयोजन को यादगार
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 स्थित ग्राम पंचायत बालमपुर के प्राचीन श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रजापति एवं सर्व समाज द्वारा पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 25 किलो 500 ग्राम वजनी पीतल का विशाल घंटा भगवान श्री खेड़ापति हनुमान को समर्पित किया गया। घंटा स्थापना के दौरान मंदिर परिसर “जय श्रीराम” और “बजरंगबली की जय” के जयघोष से गूंज उठा।
धार्मिक शोभायात्रा में बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच घोड़ों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में पहुंचे महिला-पुरुष, युवा और बच्चे भजन-कीर्तन में झूमते नजर आए। पूरे आयोजन में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

आयोजन से जुड़े राधेश्याम रजक एवं पतिराम प्रजापति ने बताया कि पिछले चार वर्षों से विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भगवान के मंदिरों में घंटा अर्पित करने की परंपरा निभाई जा रही है। इससे पहले गीदगढ़ गुफा मंदिर, गढ़मुर्रा पटेल बाबा मंदिर और भदभदा हनुमान मंदिर में भी पीतल के घंटे भेंट किए जा चुके हैं। इस वर्ष बालमपुर के श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में यह पुण्य कार्य संपन्न हुआ।

धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। आयोजन के अंत में राधेश्याम रजक ने सभी श्रद्धालुओं, समाजजनों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और सनातन परंपराओं के संरक्षण का भी प्रेरणादायक उदाहरण बन गया।