जलभराव और बीमारियों की ज़द में ईश्वर नगर: बारिश के पानी से उफान मार रहे नाले, 4 साल से नहीं बनीं नालियाँ
शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
नगर के ईश्वर नगर (वार्ड क्रमांक 13/2) के हालात दिन-ब-दिन और बदतर होते जा रहे हैं। पहले से ही नालियों की सफाई न होने से परेशान रहवासियों के लिए अब बारिश का पानी बड़ी आफ़त बन गया है। नालों में जमा कचरे और घनी झाड़ियों/चारे के कारण निकासी पूरी तरह ठप हो चुकी है, जिससे बारिश का गंदा पानी उफनकर सड़कों और घरों के सामने जमा हो रहा है।
4 वर्षों से विकास ठप, कई गलियाँ आज भी नाली विहीन स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि वार्ड में पिछले 4 वर्षों से कोई नया निर्माण या रखरखाव का कार्य नहीं हुआ है। मोहल्ले की कई गलियों में आज तक नालियों का निर्माण ही नहीं कराया गया, जिससे घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों पर ही बहता रहता है।

समस्याओं का अंबार
उफनते नाले: नालों में जमा कचरा और चारा न हटाने से बारिश का पानी सड़कों पर तब्दील हो चुका है।
पीने के पानी में गंदगी
सड़कों पर फैले गंदे पानी के कारण नल कनेक्शनों के ज़रिए दूषित जल की आपूर्ति हो रही है, जिसे पीने को लोग मजबूर हैं।संक्रामक बीमारियों का डर: जलभराव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे पूरे वार्ड में बीमारियाँ फैलने का ख़तरा मंडरा रहा है।
अटकी पीएम आवास कुटीर
गरीब परिवारों की कुटीर स्वीकृति (कोटेशन) रुकी पड़ी है, जिससे उनके पक्के मकान नहीं बन पा रहे।
शिकायतकर्ताओं का फूटा गुस्सा
मोहल्ले के निवासी धर्मेश नामदेव, राजू जाटव, विष्णु कुशवाहा, प्रमोद साहू और पप्पू गौड़ ने आक्रोश जताते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद से ही स्थानीय भाजपा पार्षद गुलाब रजक पूरी तरह निष्क्रिय हैं। जब भी नालियों के निर्माण, सफाई या कुटीर की बात की जाती है, तो “देख लेंगे और करवा देंगे” कहकर बात टाल दिया जाता है। 4 साल बीत जाने के बाद भी पार्षद द्वारा किए गए वायदों में से एक भी वायदा पूरा नहीं किए जाने से जनता में आक्रोश है।