शक्कर की कालाबाजारी चरम पर, गोदामों में स्टॉक फिर भी बाजार में कृत्रिम कमी
स्टॉक सीमा के निर्देश बेअसर, व्यापारियों ने तेजी का उठाया फायदा
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शहर में शक्कर के दाम आसमान छू रहे हैं। खुदरा बाजार में शक्कर 75 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। पिछले 5 दिनों में ही शक्कर के दामों में 15 से 20 रुपये की तेजी आई है, जिससे आम जनता का किचन बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
त्योहारों के सीजन से पहले आई इस तेजी से गृहणियां परेशान हैं। थोक बाजार में दाम बढ़ने का असर सीधे खुदरा बाजार पर पड़ा है। जनता का आरोप है कि यह तेजी कृत्रिम है और कुछ बड़े व्यापारी इसका फायदा उठा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार शहर के कई गोदामों में बड़ी मात्रा में शक्कर का स्टॉक जमा है, लेकिन बाजार में कमी दिखाकर दाम बढ़ाए जा रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा स्टॉक सीमा निर्धारित किए जाने के बावजूद कई व्यापारी इसका पालन नहीं कर रहे हैं।
खाद्य विभाग की अनदेखी के चलते कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है। आम उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शक्कर के गोदामों का भौतिक सत्यापन कराया जाए, स्टॉक सीमा का कड़ाई से पालन कराया जाए और कालाबाजारी करने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई की जाए।