-चातुर्मास बाद सागर प्रवास का निवेदन किया
सागर। सकल दिगंबर जैन समाज सागर के प्रमुख पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने भोपाल पहुंचकर चातुर्मासरत आचार्य श्री समय सागर महाराज ससंघ के दर्शन कर श्रीफल समर्पित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर समाजजनों ने आचार्य श्री को चातुर्मास पूर्ण होने के पश्चात सागर प्रवास के लिए सामूहिक निवेदन किया
मुकेश जैन ढाना ने बताया कि आचार्य श्री समय सागर महाराज को सागर में चल रहे निर्यापक मुनि श्री अभय सागर महाराज के चातुर्मास की जानकारी दी गई। इस दौरान समाज के सभी पदाधिकारियों ने आचार्य श्री को श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
उदासीन आश्रम में प्रस्तावित जिनालय के संबंध में भी आचार्य श्री से चर्चा की गई। समाजजनों ने जिनालय के शिलान्यास के लिए आचार्य श्री का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भाग्योदय तीर्थ कमेटी के पदाधिकारियों ने अस्पताल के संबंध में आचार्य श्री को जानकारी दी। अस्पताल से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यों की प्रगति से भी उन्हें अवगत कराया गया।
समाजजनों ने आचार्य श्री को सर्वतोभद्र जिनालय के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी दी तथा अब तक हुए कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान भाग्योदय तीर्थ अस्पताल के नवचयनित डायरेक्टर एवं ज्वाइंट डायरेक्टर का परिचय भी आचार्य श्री से कराया गया। सभी ने गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

आशीर्वचन::आत्मीयता और समर्पण के साथ करें दायित्व का निर्वहन : आचार्य श्री—
आचार्य श्री समय सागर महाराज ने सभी पदाधिकारियों से कहा कि सभी को आत्मीयता और समर्पण की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। जिस प्रकार व्यक्ति अपने निजी कार्य को पूरी जिम्मेदारी और लगन के साथ करता है, उसी प्रकार समाज एवं संस्था द्वारा सौंपे गए दायित्व का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। सभी की मेहनत और निरंतर सक्रियता से भाग्योदय तीर्थ अस्पताल एवं सर्वतोभद्र जिनालय का कार्य अच्छे ढंग से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी को इसी प्रकार एकजुट होकर कार्य करते रहने का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।