धार्मिक यात्रा ओ गया जत्था ब्रज 84 कोस परिक्रमा एवं चारधाम यात्रा पूर्ण कर लौटा, रमन रेती में मिला अलौकिक आनंद
सी के पारे रायसेन
धार्मिक आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का परिचय देते हुए अर्जुन नगर का श्रद्धालु जत्था ब्रज की पावन 84 कोस परिक्रमा तथा चारधाम यात्रा पूर्ण कर सकुशल वापस लौट आया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन सहित ब्रज मंडल के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन किए और केदारनाथ, बद्रीनाथ तथा यमुनोत्री धाम में पूजा-अर्चना कर देश, समाज और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस धार्मिक यात्रा में चंद्रकांत पारे, अनीता पारे, राम गणेश गौर, निर्मला गौर, नारायण गौर, सावित्री गौर, माया बघेल, किट्टू, बिट्टू तथा वाहन चालक लवकेश यादव शामिल रहे। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, सत्संग और प्रभु स्मरण के माध्यम से आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।

रमन रेती में मिला दिव्य आनंद
यात्रा का सबसे भावुक और अविस्मरणीय पड़ाव रमन रेती रहा। श्रद्धालुओं ने बताया कि रमन रेती की पावन रज में पहुंचकर उन्हें अद्भुत शांति और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हुई। श्रद्धा के साथ वहां की पवित्र रज को प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया और भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का स्मरण करते हुए भक्ति में सराबोर हो गए।
परिक्रमा वासियों के स्वागत ने जीता श्रद्धालुओं का मन
84 कोस परिक्रमा के दौरान पूरे मार्ग में स्थानीय श्रद्धालुओं, समाजसेवियों और परिक्रमा सेवा समितियों द्वारा परिक्रमा वासियों का अत्यंत भावपूर्ण स्वागत किया गया। जगह-जगह विशाल भंडारों की व्यवस्था की गई, जहां श्रद्धालुओं को भोजन, नाश्ता, फल, मिठाई, चाय और शीतल पेय उपलब्ध कराए गए।
इसके अलावा विश्राम के लिए रात्रि ठहराव, सोने की व्यवस्था, ठंडे जल की सुविधा, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक सामग्रियां भी नि:स्वार्थ भाव से उपलब्ध कराई गईं। श्रद्धालुओं ने बताया कि ब्रजवासियों की सेवा भावना, प्रेम, अपनापन और अतिथि सत्कार ने यात्रा को और अधिक सुखद एवं यादगार बना दिया। रास्ते भर “राधे-राधे” के जयघोष और सेवा भाव का ऐसा वातावरण देखने को मिला जिसने सभी यात्रियों का मन मोह लिया।
भक्ति, सेवा और संस्कार का अद्भुत संगम
श्रद्धालुओं ने कहा कि 84 कोस परिक्रमा केवल पैदल यात्रा नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा, त्याग और भारतीय संस्कृति का जीवंत स्वरूप है। जहां एक ओर भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थलियों के दर्शन हुए, वहीं दूसरी ओर ब्रजवासियों की निस्वार्थ सेवा और प्रेम ने सभी के हृदय को भाव-विभोर कर दिया।
नगरवासियों ने किया भव्य स्वागत
अर्जुन नगर लौटने पर श्रद्धालु जत्थे का परिजनों और नगरवासियों ने पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया। यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की सबसे यादगार और आध्यात्मिक यात्राओं में से एक रही, जिसे वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे।
ब्रज 84 कोस परिक्रमा एवं चारधाम यात्रा पूर्ण कर लौटे अर्जुन नगर के श्रद्धालु, ब्रजवासियों की सेवा भावना और रमन रेती के दिव्य अनुभव को साझा करते हुए।