Let’s travel together.

रायसेन मंडी लूटकांड का बड़ा खुलासा: व्यापारी का कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड, दो आरोपी गिरफ्तार

0 87

500 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर पुलिस ने सुलझाई वारदात

4 लाख रुपए नकद बरामद; मुनीम पर किया था जानलेवा हमला, 10 से 15 लाख रुपए लूटने का आरोप

रायसेन। कृषि उपज मंडी में गल्ला व्यापारी मनोज राठौर के कार्यालय में घुसकर मुनीम पदम सिंह यादव पर जानलेवा हमला करने और लाखों रुपए की लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों शिवा गौर और घनश्याम कीर को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात का मास्टरमाइंड व्यापारी का ही कर्मचारी निकला, जिसने अपने साथी के साथ मिलकर करीब छह महीने पहले से लूट की योजना तैयार की थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम में से 4 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं।

पुलिस उपमहानिरीक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का खुलासा किया। इस सनसनीखेज वारदात को सुलझाने के लिए पुलिस की कई टीमों ने दिन-रात मेहनत की। घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 500 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए, वहीं जिले के 300 से अधिक हिस्ट्रीशीटरों से भी पूछताछ की गई।

मुनीम को रस्सियों से बांधकर सिर पर किया था हमला
उप पुलिस अधीक्षक दीपक नायक  के अनुसार, 12 नवंबर 2026 की रात रायसेन कृषि मंडी स्थित गल्ला व्यापारी मनोज राठौर के कार्यालय और गोदाम में अज्ञात बदमाश घुस गए थे। आरोपियों ने वहां सो रहे मुनीम पदम सिंह यादव के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। इसके बाद कार्यालय में रखी करीब 10 से 15 लाख रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए थे।
गंभीर रूप से घायल मुनीम को जिला अस्पताल रायसेन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर भोपाल रेफर किया गया था। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया था और पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी।

छह महीने पहले ही रच ली थी लूट की साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शिवा गौर और घनश्याम कीर पिछले करीब छह महीने से इस वारदात की तैयारी कर रहे थे। दोनों को पता था कि मंडी में कृषि उपज की आवक के सीजन में व्यापारियों के पास बड़ी मात्रा में नकदी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने वारदात के लिए समय चुना।
12 नवंबर की रात दोनों आरोपी घर से निकले। रास्ते में शराब खरीदकर पी और फिर मंडी स्थित व्यापारी के कार्यालय पहुंचे। पहचान छिपाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल को बस स्टैंड के पीछे छिपाया और पैदल घटनास्थल तक पहुंचे। आरोपियों ने कार्यालय के ताले तोड़े और अंदर प्रवेश करने के लिए सीढ़ियों का ताला तथा जाली तोड़ी।
इसके बाद पीछे की खिड़की के रास्ते अंदर घुसने का प्रयास किया। मुनीम के जागने का इंतजार करते हुए काफी समय बीत गया। बाद में खिड़की का कांच तोड़कर अंदर मौजूद मुनीम को जगाने का प्रयास किया गया। मुनीम के शोर मचाने पर आरोपियों ने उसके सिर पर ईंट से वार कर उसे बेहोश करने की कोशिश की। इसके बाद सब्बल की मदद से अलमारी तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली और फरार हो गए।
पुलिस से बचने के लिए अपनाए कई हथकंडे
आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले और बाद में अपनी पहचान छिपाने के लिए कई तरीके अपनाए थे। मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट पर टेप चिपका दी गई थी। दोनों ने चेहरे ढंक रखे थे और घटनास्थल तक पहुंचने तथा वापस लौटने के लिए मुख्य रास्तों के बजाय अंदरूनी गलियों का इस्तेमाल किया।
वारदात के बाद बस स्टैंड के पीछे जाकर कपड़े बदले और पुराने कपड़े वहीं छोड़ दिए। मोबाइल पर सामान्य कॉल करने के बजाय Telegram के जरिए एक-दूसरे से संपर्क किया। पुलिस की पूछताछ में भी दोनों लगातार अपनी संलिप्तता से इनकार करते हुए गुमराह करने का प्रयास करते रहे।
500 CCTV फुटेज और तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक स्तर से लगातार मॉनिटरिंग की गई। पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन चंद्रशेखर सोलंकी और डीआईजी वीरेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक के नेतृत्व में रेंज स्तरीय टीम गठित की गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। रायसेन सहित नर्मदापुरम रेंज के पांच एसडीओपी के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गईं। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने 500 से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण करने के साथ भौतिक साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद ली। जिले के 300 से अधिक हिस्ट्रीशीटरों से भी पूछताछ की गई।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर शिवा गौर और घनश्याम कीर की संलिप्तता उजागर हुई। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

ये सामग्री हुई बरामद
एसडीओपी पुलिस श्रीमती आकांक्षा तलैया  ने  बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर लूट की रकम में से 4 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात के दौरान पहने गए कपड़े, CCTV फुटेज में दिखाई दिए जूते, लोहे का कटर, पेचकस और सब्बल भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
शिवा गौर पिता कन्हैयालाल गौर, उम्र 31 वर्ष, निवासी अशोकनगर, रायसेन।
घनश्याम कीर पिता भाईजी कीर, उम्र 34 वर्ष, निवासी श्रीजी कॉलोनी, रायसेन।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस मामले के खुलासे में एफएसएल अधिकारी डॉ. ऋषिकेश यादव, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र गोयल सहित रायसेन और नर्मदापुरम रेंज के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीमों ने लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

उक्त सनसनीखेज लूट एवं हत्या के प्रयास के प्रकरण का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं लूटी गई नगदी क बरामदगी करने में एफएसएल अधिकारी डॉ ऋषिकेश यादव, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक नरेन्द्र गोयल, निरीक्ष विजय त्रिपाठी, निरीक्षक डी.पी. लोहिया, निरीक्षक लालजी दुबे उप निरीक्षक शैलेन्द्र दायमा, उप निरीक्षक दीपक व उप निरीक्षक तेजपाल सिंह, उप निरीक्षक श्यामराज सिंह, उप निरीक्षक विवेक यादव (नर्मदापुरम), उप निरीक्षक खुम सिंह पटेल (नर्मदापुरम, उप निरीक्षक पुरूषोत्तम गौर (नर्मदापुरम सउनि सुरेन्द्र सिंह, सर्जन सतीश जालवान, स (अ) आयुष सिंह, प्रधान आरक्षक अमित राजपूत, संजीव धाकड़, सतेंद्र लोधी, माखन उइके, कृष्णा कटियार, गोविंद अभिषेक मीणा, राजेन्द्र दायमा, भरतलाल साहू, हुकुम सिंह, कल्याण गुर्जर, शैलेन्द्र सिंह, प्रीतम राजपूत, संजय बको कमलेश चौरसिया, दुर्गेश राजपूत, जितेन्द्र शर्मा, मुकेश ठाकुर, मुत्रा मशराम, आशीष कास्देकर, आरक्षक शशांक दी संदीप जैन, रोहित गोस्वामी, कपित चौधरी, श्यामबाबू रघुवंशी, विशाल सिंह, दुष्यंत निमोदा शिवराज रघुवंशी, विश्वकर्मा, गजेन्द्र दांगी, जयदेव कुर्मी, चेतन, संदीप रघुवंशी, अभिशेक सिंह एवं जिला नर्मदापुरम से आरक्षक चेतन सुनील साहू, संदीप यदुवंशी, प्रशांत राजपूत, बंटी चौहान, जितेन्द्र चौहान एवं अन्य पुलिस कर्मियों की सराहनीय भा रही।
छह महीने की साजिश, 500 से अधिक CCTV कैमरों की जांच और पुलिस की लगातार मेहनत के बाद मंडी लूटकांड का खुलासा हुआ है। हालांकि, पुलिस के सामने अब लूटी गई शेष रकम की बरामदगी भी एक महत्वपूर्ण चुनौती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

रायसेन मंडी लूटकांड का बड़ा खुलासा: व्यापारी का कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड, दो आरोपी गिरफ्तार     |     ट्रैक्टर पर सवार होकर कलेक्टर  रोहित सिसोनिया ने स्वयं देखा पराली प्रबंधन का कार्य, आधुनिक कृषि यंत्रों का लिया जायजा     |     बदनावर मे वैष्णव बैरागी समाज का अन्नकूट महोत्सव एवं दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन सम्पन्न     |     तरीके बदल गए आपातकाल तो आज भी लागू है ,लोकतंत्र में वर्चस्व की राजनीति विषय पर राष्ट्रीय परिचर्चा का आयोजन     |     स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने जिला अस्पताल में किया राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह का शुभारंभ     |     जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय बालिका छात्रावास, औबेदुल्लागंज में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन     |     लालपुर में भव्य मड़ई मेला सम्पन्न, उमड़ी हजारों की भीड़     |     रायसेन के मिश्र तालाब घाट पर छठ महापर्व, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य     |     गांव के बीच खड़ा जर्जर यूनानी औषधालय भवन दे रहा हादसे को न्योता, कभी भी ढह सकती है छत     |     पराली जलाने पर प्रशासन सख्त, फिर भी खेतों में धधक रही आग     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811