शासन की योजनाओं का लाभ मिलने और गांव के विकास पर की चर्चा
गांव की मेधावी बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया सम्मानित
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यो की वस्तुस्थिति जानने बुधवार को कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा सांची जनपद के ग्राम खोहा पहुंचे। यहां कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने आम के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उपस्थित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण हेतु निर्देशित किया। ग्रामीणजन भी कलेक्टर को अपने बीच पाकर उत्साहित हुए तथा अपनी समस्याओं और गांव के विकास को लेकर अपनी बात रखी।

कलेक्टर विश्वकर्मा ने चौपाल के प्रारंभ में ग्रामीणों से एक-एक कर उनसे पूछा कि उन्हें शासन की कौन-कौन सी योजनाओं का लाभ मिल रहा है और किन योजनाओं का लाभ अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्यान्न वितरण, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। कलेक्टर विश्वकर्मा ने ग्रामीणों से कहा कि शासन द्वारा युवाओं, किसानों, महिलाओं प्रत्येक वर्ग के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं! इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए वह स्वयं भी आगे आएं। साथ ही गांव के विकास में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

ग्राम चौपाल में कलेक्टर विश्वकर्मा ने गांव की मेधावी बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया। उन्होंने 90 प्रतिशत से अधिक अंकों के साथ कक्षा 10वीं उत्तीर्ण करने वाली गांव की मेधावी बालिकाओं कु. मुस्कान सेन, कु. श्रृद्धा सेन, कु. मुस्कान सेन तथा मेधावी छात्रा खुशी अहिरवार को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया। इसके अतिरिक्त कम वजन वाले बच्चों को पोषण आहार किट भी वितरित किए गए। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी सहित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।