– दो दिवसीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का हुआ भव्य आयोजन
भोपाल। प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान में वार्षिकोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल आयोजन हुआ। कार्यक्रम में एमएड व बीएड प्रशिक्षणार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
आयोजन संस्थान के संचालक डॉ. रामकुमार स्वर्णकार की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम में सामूहिक नृत्य, स्वरचित कविता पाठ, फैंसी ड्रेस, समूह गान सहित अनेक रंगारंग प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में मेंटर्स व अन्य लोगों ने प्रतिभागियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिताओं में बेतवा सदन, नर्मदा सदन, ताप्ती सदन एवं चंबल सदन के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। सभी सदनों के प्रतिभागियों ने जोश एवं उत्साह के साथ शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब वाहवाही लूटी। आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के समस्त गुरुजनों, निर्णायक मंडल एवं कार्यालयीन स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

संस्थान प्रबंधन द्वारा जानकारी दी गई कि वार्षिकोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन 27 मई 2026 को संस्थान परिसर में किया जाएगा, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।