रामभरोस विश्वकर्मा मंडीदीप रायसेन
मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र स्थित स्टेण्डर्ड कम्पनी में रविवार रात्रि लगभग 8 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी! कि इसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से देखी जा सकती थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग कम्पनी के बायलर प्लांट में लगी, जो देखते ही देखते रॉ मटेरियल प्लांट तक फैल गई और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की तेज़ी के चलते प्लांट का शेड जलकर गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा।

घटना स्थल पर प्रशासनिक अमला भी मुस्तैद रहा। गोहरगंज एसडीएम चंद्रशेखर श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और लगातार मॉनिटरिंग करते रहे। उनके साथ तहसीलदार हेमंत शर्मा, सतलापुर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी, मंडीदीप थाना प्रभारी रंजीत सराठे तथा मंडीदीप फायर ब्रिगेड प्रभारी राम मोहन रघुवंशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जनहानि नहीं, जांच के बाद होगा खुलासा
इनका कहना है
एसडीएम चंद्रशेखर श्रीवास्तव ने बताया कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है और जल्द ही पूरी तरह बुझा लिया जाएगा। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच की जाएगी।