शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
पिछले एक सप्ताह से तीखी धूप थी और तीन दिन से चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी ने लोगों को हलकान कर रखा था।गर्मी से परेशान लोग बचाव के लिए तरह-तरह के जतन कर रहे थे , तेज गर्मी और ऊपर से बीच-बीच में गुल होने वाली बिजली की आघोषित कटौती से और ज्यादा जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया था।

रविवार को दोपहर तक तेज धूप ने परेशान किया। इसके बाद आसमान में धीरे-धीरे घने काले बादल छा गए और शाम होते-होते अचानक करीब 5 बजे तेज हवा एवं आंधी चलने लगी।आंधी -तूफान ने लोगों को परेशान किया फिर अचानक चमक गरज के साथ घने काले बादल बरस पड़े जोकि लगातार आधा घंटे तक तेज रफ्तार से बरसाते रहे।नगर सहित ग्रामीण अंचल के कई गांवों में आंधी -तूफान के साथ तेज वर्षा होने की सूचना मिली है।

आधा घंटे में चारों ओर पानी पानी हो गया। लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली लेकिन वर्षा आफत भी साथ लेकर आई। आंधी तूफान से कई गरीबों के घर एवं दुकानों के छप्पर उड़ गए तो वही कृषि उपज मंडी प्रांगण में खुले में रखा हुआ गेहूं भीग गया जिससे कुछ किसानों एवं व्यापारियों को नुकसान होने की आशंका व्यक्त की गई है।
जिन किसानों का गेहूं खलियानों या खरीदी केंद्रों पर नीचे अथवा ट्रैक्टर -ट्रॉली में खुले में रखा था वह भीग गया है।इसके अतिरिक्त कृषि उपज मंडी प्रांगण एवं सरकारी समर्थन मूल्य खरीदी केंद्रों पर खुले में रखा हुआ गेहूं भी भीग गया है।

मंडी प्रांगण में गेहूं खरीदी के बाद व्यापारियों द्वारा खुले में रखे गेहूं एवं समर्थन मूल्य पर खरीदा गया गेहूं भी तेज बारिश के चलते भीगने से नुकसान की आशंका व्यक्त की गई है। जिससे कि किसानों एवं व्यापारियों को गेहूं की चमक फीकी पड़ने की चिंता सता रही है।
गेंहू खरीदी करने वाले बड़े व्यापारियों में संजय मुणोत , विजय पटेल , धर्मेंद्र जैन , बल्लू जैन भाटिया का कहना है कि उन्होंने जो गेहूं किसानों से खरीदा है। उसमें से अधिकांश खुले में रखा था। वर्षा होने से भीग गया है ।
यदि लगातार आगे भी वर्षा होती रही तो गेंहू की चमक फीकी पड़ने से गेहूं का दाना दागदार हो जाएगा। जिससे कि उसके उचित दाम नहीं मिलेंगे और उन्हें घाटा उठाना पड़ेगा। कृषि उपज मंडी प्रांगण एवं समर्थन मूल्य के शासकीय खरीदी केंद्रों पर बरसते पानी में गेहूं को सुरक्षित करते हुए व्यापारी एवं किसान भाग दौड़ करते देखे गए।
तेज आंधी और तूफान चलने से कई जगह पेड़ की डालियां टूट कर गिर गई और कुछ दुकानों मकान के चद्दर वाले छप्पर उड़ गए। कई जगह बिजली लाइन टूटकर गिरने से बिजली व्यवस्था ठप हो गई।