शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली तथा मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार सुहाने के मार्गदर्शन में तहसील विधिक सेवा समिति बेगमगंज द्वारा न्यायालय परिसर बेगमगंज में दिनांक 09 मई 2026 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।
तहसील न्यायालय बेगमगंज के प्रथम जिला न्यायाधीश व तहसील विधिक सेवा समिति अध्यक्ष श्रीमती सविता ओगले ने बताया कि दिनांक 09 मई शनिवार 2026 को होने वाली नेशनल लोक अदालत में लंबित राजीनामा योग्य अपराधिक प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के क्लेम प्रकरण, भरण पोषण, घरेलू हिंसा, पारिवारिक मामले, अपराधिक सिविल राजीनामा योग्य अपील, श्रम, विद्युत विभाग के प्रकरण एवं समस्त दीवानी मामले रखे जा रहे हैं। नेशनल लोक अदालत में नगर पालिका के जलकर वसूली एवं संपत्तिकर वसूली के प्रकरण एवं समस्त बैंकों के प्रिलिटिगेशन प्रकरणों का भी निराकरण आपसी सहमति से किया जाएगा।
उन्होंने समस्त अधिवक्ताओं से अपील की है कि अपने-अपने पक्षकारों को आपसी राजीनामा के लिए तैयार करें ताकि दोनों पक्षों के प्रकरण में समझौता होने से उनके बीच चली आ रही आपसी वैमनस्यता खत्म होकर सद्भाव एवं प्रेमपूर्ण संबंध स्थापित हो सके।