86 बंदियों का हुआ चेकअप , एक जिला अस्पताल रेफर
शरद शर्मा बेगमगंज, रायसेन
मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के द्वारा आज प्रदेश भर के समस्त जेल में बंदियों एवं कैदियों के लिए विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। डॉक्टरों द्वारा सभी बंदियों एवं कैदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने के उपरांत आवश्यकता अनुसार चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
बेगमगंज उपजेल में विधिक सेवा समिति अध्यक्ष व प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती सविता ओगले की मौजूदगी में जबलपुर स्थित जिला केंद्रीय जेल में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति संजीव सचदेवा के द्वारा वर्चुअल शुभारंभ सुबह 9 बजे किया गया।
उपजेल में 86 विचाराधीन बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण डॉ.नितिन सिंह तोमर , डॉ. चंद्रमोहन गुर्जर एवं डॉ.राजू साहू के द्वारा किया गया एवं परीक्षण के उपरांत पूर्व से बीमार या मामूली रूप से मौसमी बीमारियों से त्रस्त बंदियों को दवाएं भी उपलब्ध कराई गई।
एक बंदी के पांव में गंभीर चोट होने के कारण उसे जिला चिकित्सालय रायसेन रेफर किया गया।इस अवसर पर पैनल लॉयर पीड़ी नेमा एडवोकेट, हेमराज राठौर एडवोकेट , उपजेलर कमलकिशोर कोली , पेरारीगल वालिंटियर सहित जेल स्टॉफ मौजूद था।