40 डिग्री सेल्सियस तापमान में साइकिल से काशी तक श्रद्धा की अनोखी यात्रा,12 साल से जारी ‘कावड़’ का संकल्प
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल–विदिशा हाईवे-18 पर बुधवार को एक ऐसे श्रद्धालु से सामना हुआ, जो 40 डिग्री सेल्सियस के तापमान में भी साइकिल से यात्रा कर रहा है। जिसकी आस्था और संकल्प ने हर किसी को हैरान कर दिया। महाराष्ट्र के अहिल्या नगर जिले के सोनगांव, तहसील राहुरी निवासी भक्त विलास एकनाथ आल्हाट पिछले 12 वर्षों से लगातार साइकिल के जरिए लंबी धार्मिक यात्राएं कर रहे हैं।
इस बार उन्होंने 7 अप्रैल से अपनी कावड़ यात्रा शुरू की है, साइकिल पर शिव पार्वती जी की तस्वीर केसरिया रंग का झंडा एक बैग रखे हुए जो सागर, भोपाल होते हुए चित्रकूट, मैहर, प्रयागराज और काशी (वाराणसी) तक जाएगी। खास बात यह है कि वे यह पूरी यात्रा साइकिल से तय कर रहे हैं और रोजाना करीब 70 किलोमीटर का सफर तय करते हैं।
भक्त विलास की यात्रा में सनी सिंगापुर, भद्रा मारुति, मुक्ताई नगर, उज्जैन महाकाल जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी समावेश रहा है। रास्ते में जहां भी मंदिर या धार्मिक स्थल मिलता है, वहीं रुककर विश्राम करते हैं। भोजन की व्यवस्था वे रास्ते के ढाबों पर ही करते हैं।
अब तक वे करीब 700 किलोमीटर की दूरी पूरी कर चुके हैं। हालांकि उनकी यात्रा कब तक समाप्त होगी, इसकी उन्हें खुद भी स्पष्ट जानकारी नहीं है। उनका कहना है कि यह यात्रा समय नहीं, बल्कि श्रद्धा और संकल्प से चलती है।
स्थानीय लोगों ने भी इस अनोखी भक्ति यात्रा को देखकर श्रद्धालु की हौसला अफजाई की और उनके जज्बे को सलाम किया। लगातार 12 वर्षों से बिना रुके इस तरह की कठिन यात्रा करना न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि आज की युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा भी है।
बता दे की भोपाल विदिशा हाईवे 18 पर कोई ना कोई भक्त रोजाना अपने आराध्य देव के दर्शन के लिए पैदल यात्रा, साइकिल यात्रा करते हुए नजर आते हैं। कोई बागेश्वर धाम जाता है कोई चित्रकूट कोई मेहर तो कोई अयोध्या धाम मंदिर पर जाता वह दिखाई देता है।