रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
मंडीदीप नगर के मेधावी विद्यार्थियों ने इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद इन छात्रों ने यह साबित कर दिया!कि सच्ची लगन और मेहनत से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।
नगर के सीपल आर्य स्कूल के छात्र सोनू राठौर ने वाणिज्य संकाय में 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में 7वां स्थान हासिल किया। उनकी यह सफलता इसलिए और भी खास है क्योंकि उनके पिता गंभीर बीमारी के चलते बेड रेस्ट पर थे। ऐसे में सोनू ने न केवल अपनी पढ़ाई जारी रखी, बल्कि घर और दुकान की जिम्मेदारी भी बखूबी निभाई। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य को हासिल कर लिया। सोनू का सपना चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनकर देश की सेवा करना है।
वहीं, दूसरी ओर ड्रीम कॉन्वेंट की छात्रा पलक शर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। पलक ने बायोलॉजी जैसे कठिन विषय में 100 में से 100 अंक हासिल कर सभी को चौंका दिया। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, स्कूल और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इन दोनों होनहार विद्यार्थियों की सफलता यह संदेश देती है कि परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, यदि इरादे मजबूत हों तो सफलता जरूर मिलती है।