मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले दीवानगंज में प्रमुख हाट बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में तथा दीवानगंज पुलिस चौकी प्रभारी सुनील शर्मा, संदीप रघुवंशी, सहित समस्त पुलिस बल ने हाट बाजार में पैदल गश्त कर सुरक्षा का जायजा लिया।
हाट बाजार में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से लोग खरीदारी के लिए पहुंचे थे, जिससे भीड़भाड़ की स्थिति बनी रही। ऐसे में पुलिस टीम ने बाजार के प्रमुख स्थानों, दुकानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी ने बताया कि त्योहारों और हाट बाजार के दौरान भीड़ अधिक रहती है, इसलिए सुरक्षा के मद्देनजर नियमित गश्त की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं चौकी प्रभारी सुनील शर्मा ने दुकानदारों और आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का साथ दें।
पुलिस की इस सक्रियता से बाजार में आए लोगों ने राहत महसूस की और सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की। लगातार गश्त के चलते बाजार में शांति और व्यवस्था बनी रही।