सी के पारे.हरदा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिला मुख्यालय स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित कौशल विकास एवं कस्टम हायरिंग केंद्रित राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित किया। निर्धारित समय बजाय कार्यक्रम करीब दो घंटे बाद शुरू हुआ, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।
सीएम ने अपने संबोधन में हरदा जिले को पूर्ण सिंचित बनाने की दिशा में तेजी से काम होने की बात कही और मछली पालन को आय बढ़ाने का मजबूत जरिया बताया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र किसानों और युवाओं के लिए कमाई का नया मॉडल बन सकता है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कमल पटेल सहित हरदा क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि वर्तमान सरकार योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य में बेरोजगारी दर में कमी आई है और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कौशल विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही कस्टम हायरिंग केंद्रों के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे खेती की लागत कम और उत्पादन बढ़ रहा है।
सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है, ताकि गांव स्तर पर ही रोजगार के अवसर पैदा हों और पलायन रुके। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के जरिए महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कई विकास कार्यों और योजनाओं का उल्लेख किया गया, जिससे हरदा जिले के समग्र विकास को गति मिलने की बात कही गई।