मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में बुधवार शाम रमज़ान का चाँद दिखाई देने की पुष्टि होते ही मुस्लिम समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। चाँद दिखने की खबर मिलते ही लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और कई स्थानों पर पटाखे फोड़कर खुशी का इज़हार किया।
मस्जिदों में विशेष नमाज़ अदा की गई और रमज़ान महीने के स्वागत की तैयारियाँ शुरू हो गईं। बुजुर्गों ने बताया कि गुरुवार से रोज़ों का सिलसिला प्रारंभ होगा। घरों में सहरी और इफ्तार की तैयारियों को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
समाज के लोगों ने कहा कि रमज़ान का महीना रहमत और बरकत का महीना होता है, जिसमें रोज़ा, नमाज़, दुआ और दान का विशेष महत्व है। चाँद दिखने के साथ ही पूरे क्षेत्र का माहौल धार्मिक उल्लास से भर गया।