सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज/बेगमगंज रायसेन
बेगमगंज में बदमाशों के हौसलों पर पुलिस ने ऐसा ब्रेक लगाया कि पूरा शहर कार्रवाई की तारीफ करता नजर आया। जमानत पर छूटते ही जुलूस निकालने की तैयारी कर रहे आरोपियों की खुशी कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गई।
अड़ीबाजी के मामले में गिरफ्तार आरोपी जुनेद उर्फ जुन्ना पठान, इमरान खान और सैयद अयान अली की रिहाई के बाद समर्थक फूल-मालाओं और वाहनों के साथ उप जेल बेगमगंज के बाहर जुट गए थे। मकसद था—शक्ति प्रदर्शन और जुलूस।

लेकिन तभी मौके पर पहुंची थाना बेगमगंज पुलिस ने भीड़ को खदेड़ते हुए बोलेरो वाहन सहित तीन युवकों को पकड़ लिया। तलाशी में कार से देशी पिस्टल और एक आरोपी की कमर से धारदार चाकू बरामद हुआ। तुरंत आर्म्स एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई।
भीड़ में फरार चल रहे दो आरोपी शकील अहमद और लाईक पठान भी धर लिए गए, जबकि जमानत पर छूटे बदमाश दोबारा हंगामा करते पाए गए और फिर से हिरासत में ले लिए गए।मेडिकल परीक्षण के लिए पुलिस आरोपियों को सिविल अस्पताल बेगमगंज लेकर पहुंची। वाहन खराब होने के बाद अस्पताल से न्यायालय तक पैदल जुलूस निकालकर पुलिस ने बदमाशों की अकड़ पूरी तरह तोड़ दी।