दिव्यांगजन छात्रावास फतेहपुर में लगा विधिक जागरूकता शिविर
बच्चों को बताई गई दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 और नालसा हेल्पलाइन की जानकारी
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में एवं जिला न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत पंचम दिवस पर बुधवार को दिव्यांगजन छात्रावास फतेहपुर शिवपुरी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित बालकों को जिला न्यायाधीश/सचिव श्री कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया के द्वारा दिव्यांगजनों के अधिकारों व कानूनी संरक्षण, विशेष रूप से दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 की जानकारी प्रदान की।
साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता, दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध शासकीय कल्याणकारी योजनाओं, चलने-फिरने, सुनने, बोलने एवं देखने में असमर्थ व्यक्तियों हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली सहायता योजनाओं संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी, नालसा हेल्पलाईन 15100, चाईल्ड हेल्प लाईन 1098 की जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल शिवपुरी श्री आलोक श्रीवास्तव के द्वारा नालसा डॉन-नशा मुक्त भारत के लिए योजना 2025 के अभियान अंतर्गत उपस्थित बच्चों को मादक पदार्थों एवं नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों के बारे में बताया एवं नशा नहीं करने की सलाह दी। इस दौरान बच्चों को फल, पेन, चॉकलेट वितरित किए गए।
शिविर के पश्चात छात्रावास का निरीक्षण किया गया। इस दौरान छात्रों को दिए जाने वाले भोजन, आवास व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं चिकित्सीय सुविधा, मनोरंजन के साधनों तथा परिसर की साफ-सफाई आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान मंगलम शिवपुरी से हरीश शर्मा, संजीव भार्गव, छात्रावास अधीक्षक सुभम शर्मा, शिक्षकगण संगीता चौहान आदि उपस्थित रहे।