बैरीकेड से बदली ट्रैफिक की दिशा, जाम की समस्या हुई शिफ्ट
जनता परेशान, घंटों फंस रहे वाहन
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
गुरुद्वारा चौराहा पर यातायात पुलिस द्वारा की गई नई व्यवस्था से जाम खत्म होने के बजाय दूसरी जगह शिफ्ट हो गया है। अब गुरुद्वारा की जगह माधव चौक पर जाम लगने लगा है, जिससे जनता परेशान हो रही है।

यातायात पुलिस ने गुरुद्वारा चौराहा पर बैरीकेड लगाकर वाहनों का रूट बदला था। इसके बाद से गुरुद्वारा से होकर जाने वाले वाहन माधव चौक की ओर मुड़ रहे हैं, जिससे वहां वाहनों का दबाव बढ़ गया है। सुबह-शाम पीक आवर में माधव चौक पर लंबी कतारें लग जाती हैं और लोगों को निकलने में घंटों लग रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस बिना किसी ठोस प्लान के रोज नए प्रयोग कर रही है। एक जगह का जाम हटता है तो दूसरी जगह जाम लग जाता है। बंद पड़े ट्रैफिक सिग्नलों को चालू करने के बजाय बैरीकेड लगाकर व्यवस्था संभालने की कोशिश की जा रही है, जो सफल नहीं हो रही।
वाहन चालकों और दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि गुरुद्वारा, माधव चौक और यादव होटल क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि लोगों को रोज के जाम से निजात मिल सके।