रक्तदान किसी के लिए जीवनदान है – डॉ जैन
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर के शासकीय महाविद्यालय में मंगलवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, स्टॉफ एवं समाजसेवियों समेत कुल 24 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।
जिला चिकित्सालय रायसेन में रक्त की अत्यंत कमी होने एवं आवश्यकता को देखते हुए स्वास्थ्य संस्थाओं से रेफर एएनसी मरीजों एवं दस्तक अभियान अंतर्गत चिन्हित एनिमिक बच्चों को आकस्मिकता में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को शासकीय महाविद्यालय गैरतगंज में खण्ड चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सहयोग से आयोजित शिविर के दौरान महाविद्यालय के स्टॉफ एवं विद्यार्थियों ने रक्तदान किया, इनके साथ ही नगर की समाजसेवी संस्था खिदमत ग्रुप के सदस्यों, समाजसेवियों एवं पूर्व छात्रों ने भी महाविद्यालय पहुंचकर रक्तदान किया।
शिविर में विशेष रूप से मौजूद आयुष चिकित्सा अधिकारी डाक्टर अंकुर जैन ने बताया की हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी न किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान देने का काम करता है इसलिए जब भी हमें मौका मिले तो रक्तदान आवश्यक रूप से करना चाहिए। शिविर में कुल 24 लोगों ने रक्तदान कर दूसरों के लिए प्रेरणा का काम किया है। शिविर के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एके सोनी, शिविर के संयोजक संजीव तिग्गा, ज्ञानप्रकाश बरैया, डॉ प्रभात दुबे एवं ममता कुशगोतिया विशेष रूप से उपस्थित रहे, शिविर के आयोजन में महाविद्यालय एवं मेडिकल स्टॉफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।