कीटनाशक विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण करने पहुंची कृषि अधिकारियों की टीम,टीम देख दुकानें बंदकर भागे दुकानदार
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध हो इसके लिए कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा कृषि अधिकारियों को जिले में निजी खाद-बीज विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशानुसार तथा उपसंचालक कृषि केपी भगत के मार्गदर्शन में गुरुवार को कीटनाशक गुण नियंत्रण हेतु विशेष अभियान के तहत जिला स्तरीय जांच दल द्वारा कीटनाशक औषधि एवं उर्वरक विक्रेताओं के यहां निरीक्षण किया तथा उनके स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया।
जांच दल द्वारा फैक्ट्री चौराहा दीवानगंज पर स्थित अनाया ट्रेडर्स दीवानगंज, मेसर्स पटेल एग्रो सेल्स दीवानगंज, श्री राम ट्रेडर्स दीवानगंज, मीना ट्रेडर्स दीवानगंज का निरीक्षण किया गया एवं नियमानुसार व्यापार करने हेतु निर्देश दिए गए। विक्रेताओं को कीटनाशी अधिनियम 1968 का उलंघन किये जाने पर अभिलेख जप्त कर कारण बताओं नोटिस जारी किये जाने की कार्यवाही की जा रही है। सात दिवस के अंदर संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने की स्थिति में जारी कीटनाशक लाइसेंस निलंबन/निरस्तीकरण की कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान कई कीटनाशक विक्रेता अपनी दुकान बंद कर चले गए। ताकि उनकी दुकानों की जांच ना हो सके।
जांच दल में जितेन्द्र कुमार नामदेव, सहायक संचालक, सुनील कुमार सोने सहायक संचालक, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एसके त्रिपाठी एवं विकासखण्ड सांची के कीटनाशक निरीक्षण एवं कृषि विकास अधिकारी सुरेश कुमार परमार एवं नीतेश रघुवंशी उपस्थित रहे।