उवेश खान सिलवानी रायसेन
सिलवानी में गुजरी शाम एक अलग ही नजारा देखने को मिला। पुलिस की गाड़ियों के साथ पुलिस जवानों की सख्त निगरानी ने पूरे शहर को चौकन्ना कर दिया। ये सब रंगपंचमी के त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए किया गया।

पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे के आदेशानुसार, थाना प्रभारी जे.पी. त्रिपाठी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। थाना परिसर से शुरू हुआ ये फ्लैग मार्च नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए बजरंग चौराहे पर समाप्त हुआ। पूरे मार्च के दौरान पुलिस जवानों की सतर्कता और अनुशासन साफ़ दिखाई दिया।

थाना प्रभारी जे.पी. त्रिपाठी ने कहा कि यह फ्लैग मार्च शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए निकाला गया है। रंगपंचमी पर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेगी। किसी भी तरह की अराजकता, हुड़दंग या नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहरवासियों से भी शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई है। पुलिस की इस पहल से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई हैं !