श्री हिंदू उत्सव समिति के पदाधिकारी नगर की प्रत्येक होली स्थल पर पहुंचकर देंगे होली की शुभकामनाएं
सी एल गौर रायसेन
महामाया चौक पर श्री हिंदू उत्सव समिति की एक आवश्यक बैठक होली पर्व को लेकर आयोजित की गई जिसमें गुरुवार को होने वाले होलीका दहन एवं दूसरे दिन शुक्रवार को होली खेलने एवं जुलूस के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि होलका दहन के दिन हिंदू उत्सव समिति के पदाधिकारी टोली बनाकर सभी होलीका दहन वाले स्थानो पर पहुंचेंगे और होली की शुभकामनाएं सनातन धर्म प्रेमियों को देंगे एवं उन्हें होली के जुलूस में आने के लिए आमंत्रित करेंगे । प्रतिवर्ष की भांति प्राचीन चली आ रही परंपरा के अनुसार होली का जुलूस पाटन देव स्थित श्री हनुमान मंदिर से निकाले जाने का निर्णय लिया गया इसके अलावा होलीका दहन से लेकर होली जुलूस तक व्यवस्थाएं पूर्ण करने पर भी विस्तार के साथ विचार किया गया।

इस अवसर पर आयोजित बैठक में श्री हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष अनिल चौरसिया, कार्यकारी अध्यक्ष रवि खत्री, हिंदू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष बबलू ठाकुर ने भी अपनी ओर से बैठक में प्रस्ताव रखे जिन्हें सर्व सम्मति से पारित किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि होली का पर्व परंपरागत ढंग से धूमधाम के साथ उत्साह पूर्ण माहौल में मनाया जाएगा जुलूस के नगर भ्रमण करने के पश्चात महामाया चौक पर होली के जुलूस का समापन किया जाएगा एवं होली मिलन समारोह कार्यक्रम में शामिल सनातन धर्म प्रेमियों द्वारा एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दी जाएंगी।

श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष अनिल चौरसिया ने नगर के सभी सनातन धर्म प्रेमियों से आग्रह किया है कि गुरुवार को रात में होने वाले होलिका दहन एवं दूसरे दिन शुक्रवार को होली के जुलूस में शामिल होकर इस रंगों के महापर्व होली को सफल बनाएं एवं अधिक से अधिक संख्या में होली जुलूस में शामिल होकर जुलूस की शोभा बढ़ाए। बैठक में श्री हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष अनिल चौरसिया कार्यकारी अध्यक्ष रवि खत्री, पूर्व अध्यक्ष बबलू ठाकुर, बंटी चक्रवर्ती, संदीप दुबे, हल्ला महाराज, कृष्ण मोहन चतुर्वेदी, सूर्या राठौर, निमित्त चतुर्वेदी, चमन कुशवाहा, शुभम यादव, आलोक सेन, राहुल करण, भावेश खूबचंदानी,कम्मू सेन सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।