सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस एवं अन्य प्रशासन ने सामूहिक फ़्लैग मार्च निकाला। इस मौके पर पुलिस कर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए गए। फ़्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं अन्य अमला शामिल रहा।
रविवार को देर शाम पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे गैरतगंज थाने पहुंचे तथा पुलिसकर्मियों सहित प्रशासनिक अमला के साथ नगर के मुख्य मार्गो पर फ़्लैग मार्च निकाला। इस मौके पर गैरतगंज एसडीएम पल्लवी वैध, एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव, थाना प्रभारी डीपी लोहिया सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं राजस्व अमला विशेष रूप से फ़्लैग मार्च में शामिल हुए।

आगामी त्योहारों के मद्देनजर निकाले गए इस फ़्लैग मार्च में नगरवासियों को शांति और सद्भावना के साथ त्यौहार मनाने का संदेश दिया गया। फ़्लैग मार्च थाना प्रांगण से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग बस स्टैंड होता हुआ चौक बाजार पहुंचा। बाद में फ़्लैग मार्च समापन स्थल थाना प्रांगण में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अमले को जरूरी दिशा निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस थाना क्षेत्र के चप्पे चप्पे पर गहरी नज़र जरूरी है वही किसी भी तरह के घटनाक्रम की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी जावे। क्षेत्र के असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम, आमजनों के बीच शांति और सद्भाव का माहौल व्यापत करना जरूरी है। उन्होंने हर एक मोर्चा पर प्रत्येक पुलिसकर्मियों को तैयार रहने के निर्देशित किया।