अनुराग शर्मा सीहोर
करीब साढ़े 16 साल तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान बुदनी से विधायक थे। सीएम रहते शिवराज सिंह चौहान करीब महीने में एक से दो बार हेलिकॉप्टर के जरिए बुदनी विधानसभा क्षेत्र के किसी न किसी गांव आया करते थे। हालांकि सीएम पद से हटने के बाद वह बुदनी विधानसभा क्षेत्र तो आते रहते हैं, लेकिन इस दौरान हेलिकॉप्टर से नहीं, बल्कि कार से उनका आना जाना लगा रहा। अब पूरे 9 महीने बाद केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान हेलिकॉप्टर से बुदनी आ रहे हैं।
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज बुदनी में बीजेपी प्रत्याशी रमाकांत भार्गव के लिए प्रचार करेंगे। इस दौरान प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव भी साथ रहेंगे। दोनों ही नेता दो स्थानों पर जनसभा को संबोधित कर बीजेपी प्रत्याशी रमाकांत भार्गव को वोट देने की अपील करेंगे। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर 3 बजे बुदनी के पिपलानी में आमसभा को संबोधित करेंगे, शाम 5 बजे ग्राम छिदगांव काछी में आमसभा, शाम 7 बजे रेहटी में आमसभा को संबोधित करने के बाद रात 8 बजे रेहटी से भोपाल के लिए रवाना होंगे। गौरतलब है कि जिले की बुदनी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए वोटिंग 13 नवंबर को होना है। वोटिंग में अब केवल 7 दिन का समय ही शेष रह गया है।