Let’s travel together.

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी..

111

लखनऊ। प्रदेश में सर्दी का मौसम गंभीर होता जा रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं लोग घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं। ठंड के बढ़ते प्रकाेप और तेज शीतलहर के चलते प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों को बंद रखा गया है। यह निर्णय जिला स्तर पर बच्चों को ठंड के प्रकोप से बचाने के लिए लिया गया है। इस क्रम में लखनऊ, वाराणसी, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) व बदायूं आदि में स्कूलों को बंद रखा गया है।

यहां जानें किस जिले में कब तक बंद रहेंगे स्कूल

लखनऊ

मौसम विभाग द्वारा शीतलहर की चेतावनी जारी करने के बाद लखनऊ में सभी स्कूलों को 4 जनवरी से 7 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार के कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया कि शीतलहर की चेतावनी के बाद 12वीं तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी व अन्य सभी स्कूलों को बंद रखा जाए। आदेश के अनुसार, परिषदीय स्कूलों में 14 जनवरी तक होने वाली छुट्टी यथावत रहेगी।

वाराणसी

वाराणसी जिले में पड़ रही भयंकर सर्दी और शीतलहर को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों को 4 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। स्कूल बंद करने का आदेश सभी प्राथमिक स्कूलों, सीबीएसई बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड, मदरसा बोर्ड आदि पर लागू होगा।

आगरा

आगरा में बढ़ती शीतलहर, अत्यधिक ठंड और कोहरे को देखते हुए स्कूलों की छुट्टी दिन दिन बढ़ा दी गई है। कक्षा नर्सरी से आठवीं तक के स्कूल मंगलवार तक बंद रहेंगे। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी प्रवीन कुमार तिवारी ने बताया कि ठंड को देखते हुए सोमवार और मंगलवार तक स्कूलों को बंद रखने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए हैं। इस आदेश का पालन कड़ाई से किया जाएगा। बाकी निर्णय मौसम को देखते हुए लिया जाएगा।

बदायूं

जिला विद्यालय निरीक्षक डा. प्रवेश कुमार ने डीएम मनोज कुमार के निर्देशन में सर्दी के मौसम को देखते हुए चार जनवरी तक अवकाश घोषित किए जाने का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, कक्षा एक से कक्षा आठ तक यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड के सभी विद्यालयों में अवकाश रहेगा।

सीतापुर

कड़ाके की ठंड और अत्यधिक कोहरे को देखते हुए सीतापुर के जिलाधिकारी अनुज सिंह ने रविवार को आदेश जारी कर सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों के कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों की छुट्टियां चार जनवरी तक बढ़ा दी हैं। छात्र के हितों और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। डीएम ने आदेश को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद आदेश की जानकारी तुरंत सभी स्कूलों को व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध करा दिया गया ताकि अभिभावकों को समय पर सूचना दी जा सके।

गोरखपुर

वहीं, गोरखपुर के जिलाधिकारी ने भी रविवार को ठंड को देखते हुए दो जनवरी और तीन जनवरी को एलकेजी से आठवीं कक्षा तक के सरकारी और अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों को दो दिन के लिए बंद रखने का निर्देश दिया है।

यह भी जानना जरूरी

गौरतलब है कि शनिवार को मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में घने कोहरे की संभावना जताई थी। आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में हिमालय से आने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण, अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और आसपास के मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.

सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब     |     जड़ों समेत उखड़ा पेड़ बारिश में फिर हुआ हरा-भरा     |     टोर ग्राम पंचायत में हरेली बर्ड फेस्टिवल का सफल आयोजन     |     फेक्ट्री कर्मी की बाइक चुराने वाला परसतराई से गिरफ्तार     |     अवैध प्रवासियों की खोज में पुलिस का सत्यापन अभियान जारी     |     माँ माही शबरी कावड़ यात्रा का भव्य आयोजन; जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत     |     हजारों साल प्राचीन नागदेवता की पूजा करने पहुंचे ग्रामीण      |     सावरकर से जुड़े प्रश्न पर शिक्षक के निलंबन का विरोध, शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन     |     हैप्पी किड्ज प्ले स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नन्हे-मुन्नों ने दिखाई प्रतिभा     |     नागों की अदालत में नागों ने बताया काटने का कारण,गैरतगंज तहसील के सीहोरा खुर्द गांव में लगी नागों की अदालत      |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811