–पूर्व कुलपति प्रो. संजीव शर्मा का पुस्तक पर विशिष्ट व्याख्यान
रायसेन।सांची बौद्ध भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में आज देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी पर लिखी गई किताब Modi@20: Dreams meet Delivery पर चर्चा की गई। इस चर्चा में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए मोतिहारी, बिहार के केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. संजीव शर्मा।

प्रो. शर्मा ने किताब पर चर्चा में प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और उनके गुजरात के मुख्यमंत्रित्व काल और वर्तमान दो कार्यकाल के शासन पर चर्चा की। प्रो. संजीव शर्मा ने बताया कि देश के अब तक के हुए प्रधानमंत्रियों को उनका दल चुनता था लेकिन श्री नरेंद्र मोदी देश के पहले ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें जनता ने प्रधानमंत्री चुना है। उन्होंने कहा कि ‘मोदी राजनीतिक प्रशासक हैं जिन्होंने सामान्य से अधिक किया है‘ और जिनके एक आह्वान पर करोड़ों लोग अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर तिरंगा लगा लेते हैं।

प्रो. शर्मा ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री से लेकर कांग्रेस-यूपीए शासन के दौरान प्रधानमंत्री रहे श्री मनमोहन सिंह का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के शासन में देश की छवि संपूर्ण विश्व में सुदृढ़ हुई है और भारत ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में खुद को साबित किया है। प्रो. संजीव शर्मा ने किताब Modi@20 में गुजरात मॉडल, जनधन योजना, डायरेक्ट बैनेफिट ट्रांसफर योजना, भ्रष्टाचार की समाप्ति, उज्जवला योजना पर लिखे गए लेखों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि श्री नरेंद्र मोदी के लिए राजनीति भी देश सेवा का एक हिस्सा है।

इस पुस्तक विमर्श के मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए बॉलीवुड फिल्म निर्देशक और केंद्रीय फिल्म प्रमाणीकरण बोर्ड के सदस्य श्री अशोक शरण ने कहा कि श्री मोदी ने देश के लोगों के अंदर राष्ट्रीयता की भावना पैदा की है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई अपनी मुलाक़ात का भी ज़िक्र किया और कहा कि श्री नरेंद्र मोदी ‘महापुरुष हैं’, ‘संत हैं’ और ‘जन-जन के अंग-अंग में मोदी हैं’।

Modi@20 पुस्तक कई लेखों का संकलन है जिन्हें – सुधा मूर्ति, अरविंद पनगड़िया, एस. जयशंकर, नंदन नीलेकणी, अमीश त्रिपाठी, अमित शाह, लता मंगेशकर, पी.वी संधु, नृपेंद्र मिश्रा और अन्य ने लिखा है। यह किताब 2020 में प्रकाशित हुई थी।
कार्यक्रम के दौरान कुलपति डॉ नरीजा गुप्ता और कुलसचिव प्रो. अलकेश चतुर्वेदी ने भी Modi@20 पर अपने-अध्ययन प्रस्तुत किए।