झुमरीतिलैया में सिद्धचक्र महामंडल विधान का दूसरा दिन भक्तिमय, मुनि श्री सुयश सागर जी के सानिध्य में अर्पित किए 16 अर्घ और श्रीफल
झुमरीतिलैया (कोडरमा)झारखंड। ऐतिहासिक चातुर्मास के अंतर्गत श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का महाआयोजन पूरी भक्ति और उत्साह के साथ हो रहा है।
यह आयोजन चर्या शिरोमणि आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य श्रमण मुनि श्री 108 सुयश सागर जी महाराज और मुनि श्री कौशल्य सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में हो रहा है।

दूसरे दिन का कार्यक्रम
8 दिवसीय विधान के दूसरे दिन प्रातः कार्यक्रम स्थल पर 1008 श्री आदिनाथ भगवान और 1008 श्री महावीर भगवान को मंगल विहार कर विराजमान किया गया। इसके पश्चात प्रथम महामस्तकाभिषेक और विशेष शांतिधारा का सौभाग्य सौधर्म इंद्र परिवार इंदु देवी, अनूप, शैलेश, दीपक जैन सेठी परिवार को और सुरेश-नरेंद्र जैन झांझरी परिवार को प्राप्त हुआ।
इस विधान में कुबेर बनने का सौभाग्य प्रदीप-शोभा देवी जैन सेठी को प्राप्त हुआ। अभिषेक के बाद मैना श्रीपाल बनने का सौभाग्य पिंकी, सुनीता, कल्पना, अंकिता जैन सेठी परिवार को मिला। इनके द्वारा भगवान का गंधोदक सभी भक्तों के ऊपर छिड़का गया।तत्पश्चात विधान में 8 और 16 अर्घ मंडप पर सौधर्म इंद्र और सभी इंद्रों के द्वारा अर्पण किए गए।

मुनि श्री का मंगल प्रवचन
इस अवसर पर मुनि श्री 108 सुयश सागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में कहा कि श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मा को निर्मल बनाने और जीवन को धर्ममय बनाने की अनुपम साधना है।
उन्होंने कहा कि जैन धर्म में सिद्धचक्र महामंडल विधान का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। इसके माध्यम से श्रद्धालु अरिहंत, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय एवं साधु परमेष्ठियों की आराधना करते हुए अपने जीवन में सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान और सम्यक चारित्र को धारण करने की प्रेरणा प्राप्त करते हैं।
गुरुदेव ने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में राग-द्वेष, अहंकार और कषायों का त्याग कर संयम, तप, त्याग और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। भगवान की पूजा केवल हाथों से अर्घ चढ़ाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हमारे विचारों, व्यवहार और आचरण में भी धर्म दिखाई देना चाहिए। सच्ची पूजा वही है, जिससे आत्मा का कल्याण हो और जीवन में सदाचार का प्रकाश फैले।

संध्या कार्यक्रम
इस अवसर पर प्रदीप-मीरा जैन छाबड़ा एवं समाज के पदाधिकारीगण, विरागोदय वर्षायोग कमेटी के संयोजक शामिल हुए। संध्या में गुरु मुख से णमोकार चालीसा पाठ के साथ भव्य आरती सौधर्म इंद्र, कुबेर, शांतिधारा पुण्यार्जक परिवार द्वारा की गई। रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ