एक करोड़ से अधिक लोगों के सामूहिक गायन का लक्ष्य, सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने निकाली जन-जागरण रैली
रायसेन। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 25 सितंबर को देशभर में एक साथ सामूहिक गायन किया जाएगा। इसी क्रम में रायसेन के सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर, रामलीला मैदान में भी सामूहिक गायन का आयोजन होगा। कार्यक्रम में विद्यार्थी, आचार्य परिवार, पूर्व छात्र, अभिभावक और नगर के गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। आयोजन का समय सुबह 10:30 बजे निर्धारित किया गया है।
विद्या भारती मध्य भारत प्रांत के आह्वान पर आयोजित इस अभियान में एक करोड़ से अधिक लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। सामूहिक गायन को वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का प्रयास भी किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने शहर में जन-जागरण रैली निकाली। विद्यार्थियों ने लोगों को 25 सितंबर के सामूहिक गायन में शामिल होने का संदेश दिया।

15 से 24 सितंबर तक होंगी विभिन्न गतिविधियां
अभियान के तहत विद्यालय में 15 से 24 सितंबर तक विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, चित्रकला, अभिनय, नृत्य, रंगोली, वंदे मातरम् गीत गायन, मूर्तिकला, इतिहास एवं प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही जन-जागरण रैली के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
विद्यालय के व्यवस्थापक सुरेंद्र राय ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को वंदे मातरम् के इतिहास से परिचित कराने के साथ उनमें राष्ट्रीय चेतना और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करना है। उन्होंने नगरवासियों से 25 सितंबर को विद्यालय परिसर में पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागिता करने का आग्रह किया।