– विद्यार्थियों ने सीखे तनाव प्रबंधन और वित्तीय प्रबंधन के गुर, पूर्व मंत्री प्रहलाद भारती रहे मुख्य अतिथि
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शासकीय जिला उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 शिवपुरी में “उमंग है तो जिंदगी में रंग है, चुनौतियों से लड़कर, सकारात्मकता से गढ़ेंगे भविष्य” थीम पर उमंग दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक प्रहलाद भारती रहे, जबकि अध्यक्षता प्राचार्य विवेक श्रीवास्तव ने की।
कार्यक्रम का संचालन SLT उमंग एवं भौतिकी शिक्षक दुर्गेश चौबे ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उमंग कार्यक्रम के उद्देश्यों और “उमंग त्रिवेणी” के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम “उज्ज्वल बदलाव हमसे” तथा “सशक्त कार्यक्रम” के माध्यम से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, जीवन कौशल, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता पर कार्य किया जा रहा है।
उमंग दिवस पर कई रोचक गतिविधियां आयोजित हुईं। कानाफूसी गतिविधि के माध्यम से संवाद और ध्यानपूर्वक सुनने का महत्व समझाया गया। वित्तीय प्रबंधन खेल में बचत और आवश्यकताओं व इच्छाओं में अंतर सिखाया गया। शरीर के अंगों की होड़ गतिविधि से अंगों के समन्वय और निर्भरता को समझाया गया। तनाव प्रबंधन पर रोल-प्ले और नसरीन की कहानी के माध्यम से चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा दी गई।
इस दौरान दुर्गेश चौबे द्वारा रैपिड फायर क्विज का आयोजन भी किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य विवेक श्रीवास्तव ने तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन, नियमित दिनचर्या और समस्याओं को शिक्षकों-अभिभावकों से साझा करने की सलाह दी। मुख्य अतिथि प्रहलाद भारती ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।