रजनी खेतान इंदौर
श्री गणेश उत्सव के अवसर पर सिल्वर स्प्रिंग्स फेज-1 के गरबा ग्राउंड में ‘देवी-देवता-ऋषि स्वरूप धारण करो’ विशेष प्रतियोगिता का आयोजन भक्तिभाव, उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों से लेकर बड़ों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न देवी-देवताओं एवं ऋषियों के स्वरूप धारण कर भारतीय संस्कृति और परंपराओं की मनोहारी झलक प्रस्तुत की।

आयोजन में कुल 135 प्रतिभागियों ने सहभागिता की, जिसमें 25 बच्चे, 40 महिलाएं और 70 पुरुष शामिल रहे। विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभागियों ने आकर्षक वेशभूषा और रचनात्मक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। सभी प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए सरप्राइज गिफ्ट एवं आकर्षक उपहार भी रखे गए।

कार्यक्रम का संचालन रजनी खेतान ने किया, जबकि सूत्रधार की भूमिका श्वेता बंसल एवं निर्मला पाटीदार ने निभाई। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में केसेरे सिंह मंडलोई, घनश्याम सोमानी, विजय गर्ग एवं देवराज पाटीदार, गोपाल बर्वे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर सोसायटी के अनेक प्रबुद्धजनों ने सहभागिता कर आयोजन का उत्साह बढ़ाया। इनमें सुलेखा श्रीवास्तव, रजनी अग्रवाल, प्रतिभा गुप्ता, कुसुम गर्ग एवं आयुषी पाटीदार का विशेष योगदान रहा।

आयोजकों ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य गणेशोत्सव के माध्यम से बच्चों और परिवारों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं हमारी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना था। सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक उत्सव का सुंदर रूप दिया।
भक्ति, संस्कृति और उत्साह से सजे इस आयोजन ने गणेशोत्सव की खुशियों को और भी यादगार बना दिया।