शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
पिछले कई माह से सरकारी सिविल अस्पताल प्रांगण एवं अस्पताल के टीनशेड में अवैध रूप से कब्जा करके आम लोगों द्वारा महीनों से अपने दर्जनों वाहनों के खड़े करने एवं सार्वजनिक पार्किंग स्थल बनने से अस्पताल आने -जाने एम्बुलेंस या फिर इमरजेंसी में मरीजों को लेकर आने वाले वाहनों को आए दिन होने वाली समस्या को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन के द्वारा आज पुलिस की सहायता से अस्पताल प्रांगण में महीनों से अवैध रूप से खड़े चार पहिया वाहनों को सख्ती से हटवाकर मैदान एवं टीनशेड खाली कराया गया। लेकिन कुछ हठधर्मी वाहन मालिकों के गायब होने से अभी तक उनके वाहन टीनशेड से नहीं हट सके है।
आज बीएमओ डॉ. नितिन सिंह तोमर ने अस्पताल में पार्किंग व्यवस्था सुचारू कराने के उद्देश्य से नगर के अन्य आमजनों के महीनों से अवैधानिक रुप से खड़े दो दर्जन से अधिक चार पहिया वाहनों को पुलिस के सहयोग से हटवाकर मैदान एवं टीनशेड खाली कराया।
अस्पताल प्रांगण में पुलिस टीम के आते ही वाहन मालिकों को पता लगते ही हड़कंप मच गया। कुछ तो भागे -भागे आए और आरजू-मिन्नत करके अपने -अपने वाहन उठाकर ले गए लेकिन कुछ हठधर्मियों ने अभी भी अपने वाहनों को नही हटाया है।
बताया गया है कि उन्हें किसी का संरक्षण प्राप्त है। इसलिए उन्होंने अपने वाहनों को नही हटाया जबकि बीएमओ पिछले दो माह से अस्पताल परिसर को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रयासरत है।
लगता है कि आज की कार्रवाई के बाद शायद फिर कोई अवैध वाहन खड़ा करने का साहस ना जुटा सके।
सीबीएमओ डॉ. नितिन सिंह तोमर का कहना है कि अस्पताल प्रांगण एवं टीनशेड को खुला ओर साफ रखा जाएगा। ताकि एम्बुलेंस या इमरजेंसी वाहनों के आने-जाने में कोई दिक्कत ना हो। अब यदि किसी ने भी अस्पताल में अपने वाहनों की पार्किंग की तो उनको जब्त कराया जाएगा।