सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम उदका में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय कक्षा 10वीं के छात्र की कुएं में डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार उदका निवासी मिश्रीलाल शिल्पकार का 15 वर्षीय पुत्र सचिन शिल्पकार सुबह करीब 9 बजे स्कूल में पेपर देने की तैयारी के लिए नहाने हेतु कुएं पर पानी लेने गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुएं के पास पानी का कुप्पा मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंची तो कुएं में करीब 40 फीट पानी भरा था। छात्र की तलाश के लिए करीब पांच पानी की मोटर पंप लगाकर कुएं का पानी बाहर निकाला गया। साथ ही रायसेन से NDRF की टीम को बुलाया गया। पानी का स्तर करीब 10 फीट कम होने के बाद भी कुएं में लगभग 30 फीट पानी बचा था। NDRF टीम ने काफी मशक्कत के बाद सचिन के शव को कुएं से बाहर निकाला।

पुलिस शव को सुल्तानगंज अस्पताल लेकर पहुंची, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक सचिन कक्षा 10वीं का छात्र था और स्कूल पेपर की तैयारी कर रहा था।