डामरीकरण हुआ, लेकिन गांवों की सीसी सड़क की मरम्मत नहीं; गड्ढों में भरा रहता है पानी, आए दिन बाइक सवार हो रहे घायल
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के दीवानगंज, अंबाडी और सेमरा क्षेत्र को जोड़ने वाली करीब 3.5 किलोमीटर सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत वर्ष 2011-12 में बनाई गई इस सड़क को करीब 15 साल बीत चुके हैं, लेकिन आबादी वाले हिस्सों में बनी सीसी सड़क की लंबे समय से समुचित मरम्मत नहीं होने के कारण जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क पर वाहन चलाना लोगों के लिए परेशानी और दुर्घटना का कारण बन गया है।
फैक्ट्री चौराहा दीवानगंज से रेलवे स्टेशन दीवानगंज-सेमरा तक जाने वाले इस मार्ग का उपयोग दीवानगंज, अंबाडी और सेमरा पंचायतों के हजारों ग्रामीणों के अलावा आसपास के करीब 20 से 25 गांवों के लोग भी रोजाना करते हैं। तीनों पंचायतों की आबादी करीब 10 हजार बताई जा रही है। इसी मार्ग पर दीवानगंज सोसाइटी, अयोध्या धाम मंदिर और इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर जैसे महत्वपूर्ण स्थान भी हैं।
भवानी चौक से मूलचंद विश्वकर्मा के घर तक सबसे खराब स्थिति
सड़क के सबसे खराब हिस्सों में भवानी चौक दीवानगंज से मूलचंद विश्वकर्मा के घर तक का मार्ग शामिल है। कुछ दिन पहले ठेकेदार द्वारा करीब 100 मीटर सीसी सड़क का निर्माण कराया गया, लेकिन इसके बावजूद करीब 300 मीटर हिस्से की हालत अब भी बदतर बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर छोटे-बड़े हजारों गड्ढे हैं, जिनमें बारिश का पानी लंबे समय तक भरा रहता है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता और कई बार बाइक फिसलने से लोग घायल हो चुके हैं।
डामरीकरण हुआ, सीसी सड़क को छोड़ दिया
ग्रामीणों के अनुसार करीब छह महीने पहले सड़क के एक हिस्से पर डामरीकरण किया गया था। कुछ स्थानों पर दोबारा डामरीकरण भी किया गया, लेकिन आबादी वाले हिस्सों में बनी सीसी सड़क की टूट-फूट की ओर ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि जब सड़क का सुधार कार्य किया गया तो गड्ढों से जर्जर सीसी हिस्से की भी मरम्मत की जानी चाहिए थी।
रोजाना रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं 20-25 गांवों के लोग
दीवानगंज रेलवे स्टेशन क्षेत्र के लिए यह सड़क बेहद महत्वपूर्ण है। आसपास के 20 से 25 गांवों के लोग रोजाना ट्रेन पकड़ने, बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी कामों के लिए इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और ग्रामीणों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।

ग्रामीणों ने की सड़क के नए सिरे से निर्माण की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क को बने करीब 15 साल हो चुके हैं। अब केवल गड्ढे भरने के बजाय सड़क का नए स्तर से निर्माण और सीसी हिस्सों का स्थायी सुधार किया जाना चाहिए, ताकि लंबे समय तक लोगों को राहत मिल सके।
सरपंचों ने भी उठाई आवाज
गिरजेश नायक, सरपंच दीवानगंज ने कहा कि सड़क को बने काफी साल हो चुके हैं। कई जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं और उनमें पानी भरा रहता है। अब सड़क का नए स्तर पर निर्माण होना चाहिए, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिल सके।
भानु लोधी, सरपंच सेमरा ने कहा कि सड़क पुरानी हो चुकी है और जगह-जगह गड्ढे उभर आए हैं। वाहन चालकों को हमेशा गिरने का डर बना रहता है। सड़क की मरम्मत की जरूरत है।
कुंती रमेश कुमार अहिरवार, सरपंच अंबाडी ने कहा कि जहां डामरीकरण हुआ था, वहां दोबारा डामरीकरण कर दिया गया, लेकिन गांव के अंदर बनी सीसी सड़क की मरम्मत नहीं हुई। सीसी रोड में गड्ढे होने से वाहन चालक परेशान हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और ठेकेदार से मांग की है कि सड़क के सभी क्षतिग्रस्त सीसी हिस्सों का तत्काल सर्वे कराकर गड्ढों की मरम्मत कराई जाए तथा जरूरत वाले हिस्सों में सड़क का नए सिरे से निर्माण कराया जाए।