– शिवपुरी एसडीएम रहे मुख्य अतिथि
– गुरु का स्थान जीवन में सर्वोच्च : एसडीएम
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिक्षक दिवस के अवसर पर सेवा भारती शिवपुरी द्वारा 41 शिक्षकों के सम्मान हेतु गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज एवं राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना एवं गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को रेखांकित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आनंद राजावत, एसडीएम शिवपुरी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता यशपाल रावत, जिला समिति अध्यक्ष, सेवा भारती शिवपुरी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेंद्र जैन, विभाग सेवा प्रमुख उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां भारती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात उत्तम सिंह जी कुशवाहा, जिला सह सचिव द्वारा मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया गया। शैलेश विरमानी द्वारा सभी अतिथियों का तिलक-चंदन लगाकर स्वागत किया गया।
इसके पश्चात सेवा भारती शिवपुरी की ओर से क्षेत्र में शिक्षा के माध्यम से संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 41 शिक्षकों का दुपट्टा एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
गुरु का स्थान जीवन में सर्वोच्च : एसडीएम राजावत
मुख्य अतिथि आनंद राजावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुरु का स्थान हम सभी के जीवन में अत्यंत उच्च एवं सम्माननीय है। उन्होंने कहा कि आज वे जिस स्थान पर हैं, उसमें उनके गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की प्रथम गुरु उसकी मां होती है। जीवन में सही मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए हमें अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करना चाहिए।

गुरु ही देते हैं जीवन में सही दिशा : यशपाल रावत
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे यशपाल रावत ने कहा कि गुरु का स्थान हमारे जीवन में सर्वोच्च है। भारतीय संस्कृति में गुरु की महिमा को बताते हुए कहा गया है— “गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः, गुरु साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः।”
उन्होंने कहा कि गुरु ही हमें जीवन में सही और गलत का ज्ञान कराते हैं तथा अच्छे संस्कार एवं सही दिशा प्रदान करते हैं। आज हम जीवन में जिस मुकाम पर हैं, उसमें हमारे गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में गुरु का सदैव सम्मान करना चाहिए, तभी हम एक अच्छे नागरिक एवं बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में नगर अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष एवं छात्रावास समिति के अध्यक्ष द्वारा मुख्य अतिथि आनन्द राजावत को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती विनीता जैन जी द्वारा किया गया। अंत में जयंती बक्षी द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया। समारोह में सेवा भारती के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।