जन्माष्टमी पर गीता ज्ञान से लेकर गीत-नाट्य तक हुए आयोजन, रंगोली, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल सेमरा में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने गीता ज्ञान, श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंग, गीत, नाट्य और लीलाओं का मंचन किया। इसके साथ ही जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में रंगोली, चित्रकला, निबंध लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, बुद्धि, धैर्य और सही कर्म के रास्ते पर चलकर व्यक्ति सफलता प्राप्त कर सकता है। विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार और चरित्र निर्माण पर भी ध्यान देने की बात कही गई।
शिक्षकों ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन भारतीय संस्कृति, दर्शन और चेतना का महत्वपूर्ण आधार है। उनके जीवन प्रसंग विद्यार्थियों को कर्तव्य, कर्म, धैर्य और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। विद्यालय में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन कराने का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और महान व्यक्तित्वों के जीवन मूल्यों से जोड़ना है।
जन्माष्टमी के आयोजन के दौरान विद्यालय का वातावरण पूरी तरह कृष्णमय नजर आया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ कार्यक्रमों में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य असमत बेगम, शाला प्रभारी कौशल सिंह यादव, अब्दुल नईम, राशिद मोहम्मद, व्यावसायिक शिक्षा प्रभारी प्रकाश मीणा, प्रदीप कोली, संतोष मालवीय, जहीर मंसूरी, मुमताज खान, प्रकाश मेहरा, नीलम व्योहार, प्रतिभा यादव, अनुप्रिया जैन, प्रीति चौकसे, प्रियंका जैन, रचना नामदेव, प्रिया भमुरिया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।