शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय महाविद्यालय बेगमगंज में गुरुवार को विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम के स्पोर्ट्स एडिशन ‘खेलो संवाद’ का आयोजन एवं सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम की समीक्षा सिलवानी विधानसभा के पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने की। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी एवं विशिष्ट अतिथि मंडल अध्यक्ष अजय सिंह जाट रहे।
कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने महाविद्यालय में नवस्थापित 40 सीटर कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया। लैब शुरू होने से विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा एवं डिजिटल संसाधनों का बेहतर लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के माध्यम से छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की पहल की जानकारी दी गई। छात्राओं को 30 हजार रुपए तक की छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए महाविद्यालय में हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है।
अतिथियों ने छात्रवृत्ति हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया और छात्राओं के आवेदन फॉर्म भरवाने में सहयोग किया। उन्होंने पात्र छात्राओं से छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए पंजीयन कराने की अपील की।
कार्यक्रम में महामंत्री हरिनारायण लोधी, अमरसिंह शाक्य, अखिलेश ठाकुर, राजेंद्र यादव, प्राचार्य के.के. साहू, प्रशासनिक अधिकारी दीपक कुमार अहिरवार सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा।