– स्वावलंबन अभियान को मिलेगी नई दिशा
– प्रशिक्षणार्थियों के कौशल और उत्पादों की सराहना
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
सेवा भारती द्वारा जलमंदिर सेवा बस्ती शिवपुरी में संचालित सिलाई एवं मेहंदी प्रशिक्षण केंद्र का विभाग सेवा प्रमुख राजेंद्र जैन ने अवलोकन किया। इस अवसर पर उनके साथ विभाग समन्वयक अर्जुन सिंह दांगी, नवनिर्वाचित जिला सचिव जयंती बक्शी, जिला सह सचिव उत्तम सिंह कुशवाहा भी उपस्थित रहे।
अवलोकन के दौरान अतिथियों ने प्रशिक्षण केंद्र में चल रही गतिविधियों का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के वस्त्रों और अन्य हस्तनिर्मित सामग्री को देखा। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के कार्य की सराहना करते हुए उनके कौशल, लगन एवं रचनात्मकता की प्रशंसा की।
इस अवसर पर विभाग सेवा प्रमुख राजेंद्र जैन ने कहा कि यह केंद्र सेवा भारती के स्वावलंबन अभियान का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उत्पादों की उपयोगिता एवं रोजगारपरकता को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल देते हुए केंद्र को नए आयामों तक पहुँचाने का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नवीन गतिविधियाँ जोड़ने तथा उत्पादों की गुणवत्ता और विपणन पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
सेवा भारती शिवपुरी द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण केंद्र सेवा बस्ती की बहनों एवं युवतियों को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।