– कहा- मेरी कृषि भूमि के पुराने खसरे का उपयोग कर किसी अन्य व्यक्ति ने कराया ऋण, जानकारी देने की मांग
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले की गैरतगंज तहसील गैरतगंज के ग्राम रजपुरा निवासी एक किसान ने भारतीय स्टेट बैंक की ओबेदुल्लागंज शाखा में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उसकी कृषि भूमि के पुराने खसरे का उपयोग कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी तरीके से करीब एक करोड़ रुपए का कृषि ऋण स्वीकृत करा लिया। किसान ने मामले की जानकारी उपलब्ध कराने तथा पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है। आवेदनकर्ता लाल साहब राय, पिता तुलसीराम राय ने शाखा प्रबंधक को दिए आवेदन में बताया कि ग्राम रजपुरा स्थित उनकी कृषि भूमि खसरा क्रमांक 381 एवं 382 कुल रकबा 15 एकड़ राजस्व अभिलेखों में उनके नाम दर्ज है। भूमि का विधिवत बंटवारा हो चुका है और राजस्व रिकॉर्ड में अलग-अलग बंटांकन भी दर्ज है। किसान का आरोप है कि किसी व्यक्ति ने उनके पूर्व के खसरे का इस्तेमाल कर भारतीय स्टेट बैंक की ओबेदुल्लागंज शाखा से उनकी भूमि पर लगभग एक करोड़ रुपए का ऋण प्राप्त कर लिया। इसकी जानकारी उन्हें हाल ही में मिली है। आवेदन में उन्होंने बैंक प्रबंधन से अनुरोध किया है कि संबंधित ऋण आवेदन की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा यह बताया जाए कि उनकी भूमि के आधार पर ऋण किस व्यक्ति के नाम से स्वीकृत किया गया है, ताकि आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
