कोतवाली पुलिस ने करीब 11 लाख रुपये के गबन एवं धोखाधड़ी के मामले का किया खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रायसेन ।पुलिस द्वारा आमजन के साथ धोखाधड़ी एवं गबन करने वाले आरोपी के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए करीब 11 लाख रुपये के गबन के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
10 जुलाई को फरियादिया नुसरत बी पति स्व. अब्दुल आसिफ, उम्र 28 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 05, तिपट्टा बाजार, रायसेन ने थाना कोतवाली में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि कियोस्क संचालक गोपाल सिंह राजपूत द्वारा एफडी (FD) कराने के नाम पर उससे ₹3,00,000 प्राप्त किए गए, किन्तु राशि का निवेश न कर उसका गबन कर लिया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने चंद्रमोहन कुशवाह, गुलिस्तां, गौराबाई, रचना यादव, महाराज सिंह, बाबूलाल, दीपक साहू, आशू, हीरालाल, मेहरूम बेग, जगदीश प्रसाद रजक, उदय राय सहित अन्य लोगों के साथ भी धोखाधड़ी करते हुए लगभग ₹11,00,000 (ग्यारह लाख रुपये) का गबन किया है।
फरियाद के आधार पर थाना कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक XX/2026 धारा 318(4), 316(5), 338 एवं 336(6) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
कार्यवाही विवरण:
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना एवं सतत तलाश के आधार पर आरोपी गोपाल सिंह राजपूत पिता रामसेवक राजपूत, उम्र 35 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04, वीआईपी कॉलोनी, रायसेन को एलएनसीटी कॉलेज के सामने स्थित ब्रिज के नीचे से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय रायसेन में प्रस्तुत कर पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया गया है। प्रकरण में अन्य पीड़ितों एवं गबन की राशि के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है।
आरोपी की तलाश एवं गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र गोयल, उप निरीक्षक बृजमोहन साहू, माखन उइके, गोविंद वरदे, आरक्षक शशांक दीक्षित, संदीप जैन की सराहनीय भूमिका रही।