सैयद मसूद अली पटेल ग़ैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर के मुख्य सड़क मार्ग के चौड़ीकरण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद पहली ही बारिश में निर्माण कार्य की तकनीकी खामियां उजागर हो गईं। कई स्थानों पर सड़कें पानी से लबालब हो गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

नगरवासियों का आरोप है कि एमपीआरडीसी के अधिकारियों की लापरवाही तथा निर्माण एजेंसी की मनमानी के कारण सड़क एवं नाली निर्माण में कई अनियमितताएं बरती गई हैं। बारिश के दौरान सड़क का पानी दोनों ओर बनी नालियों में जाने के बजाय सड़कों पर ही जमा हो रहा है। वहीं, नालियों का असंतुलित स्तर और जल निकासी की अपर्याप्त व्यवस्था जलभराव की मुख्य वजह बन रही है। रविवार को हुई हल्की बारिश में ही सर्किट हाउस पहुंच मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिससे वहां के रहवासियों और राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा गेंहूरास रोड, नंदनी नगर, टेकापार सहित नगर के अन्य हिस्सों में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकांश स्थानों पर यह समस्या सड़क और नालियों के तकनीकी मानकों के अनुरूप निर्माण नहीं होने के कारण उत्पन्न हुई है।
नगरवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि बारिश का मौसम चरम पर पहुंचने से पहले सड़क और नाली निर्माण की तकनीकी खामियों को दूर कराया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो आगामी दिनों में अधिक वर्षा होने पर नगर में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो सकते हैं।