– कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर एक्शन: रेखा राय और शिवराज धाकड़ की अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई
– ‘जिला स्तरीय कॉलोनी सेल’ गठित, नागरिकों को चेतावनी: अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से बचें
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिला प्रशासन ने शिवपुरी शहर में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसडीएम शिवपुरी आनंद सिंह राजावत के निर्देशन में राजस्व टीम ने मनियर क्षेत्र में दो अवैध कॉलोनियों पर जेसीबी चलाई। टीम ने सर्वे क्रमांक 275 पर अवैध कॉलोनाइजर श्रीमती रेखा राय पत्नी भजनलाल राय और सर्वे क्रमांक 259 पर अवैध कॉलोनाइजर शिवराज सिंह पुत्र रामजीलाल धाकड़ की कॉलोनी में बनी अवैध सड़कों को हटाया। कॉलोनाइजरों को विधिवत अनुमति लेकर नियमानुसार कॉलोनी विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी गई है कि निर्देशों का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों को भी हिदायत दी है कि वे अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदकर अपनी पूंजी न फंसाएं। खरीद से पहले कॉलोनी की वैधता जरूर जांच लें।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर अर्पित वर्मा ने नगरीय क्षेत्रों में सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित करने, अवैध कॉलोनियों पर रोक लगाने और अनधिकृत भूखंडों की बिक्री पर नियंत्रण के लिए विशेष ‘जिला स्तरीय कॉलोनी सेल’ का गठन किया है। सभी अनुविभागों में एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।