जिले के 1,800 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों पर आज होगा स्कूल रेडीनेस मेला-2
देवेन्द्र तिवारी सांची, रायसेन
महिला एवं बाल विकास विभाग एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार 2 जुलाई को जिले के सभी 61 सेक्टरों के 1,800 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों पर स्कूल रेडीनेस मेला-2 (SRM-2) आयोजित किया जाएगा।
यह मेला 26 मई से शुरू हुए एक माह के माता सहभागिता अभियान का समापन है। अभियान के दौरान माताओं को “एक खेल, एक कहानी, एक कविता” थीम पर आधारित गतिविधियों के माध्यम से घर पर बच्चों के सीखने में सहभागी बनाया गया। मेले में 5 से 6 वर्ष आयु के बच्चों का शारीरिक, भाषा, संख्या ज्ञान, संज्ञानात्मक तथा सामाजिक-भावनात्मक विकास का पुनः आकलन किया जाएगा और रिपोर्ट कार्ड अभिभावकों को सौंपे जाएंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी से कक्षा-1 में बच्चों का सहज प्रवेश सुनिश्चित करना तथा विद्यालय पूर्व आवश्यक बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करना है। जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं सीडीपीओ चयनित केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे