दीवानगंज पुरानी चौकी के सामने गहरे गड्ढे में दो महीने में 12 बाइक सवार घायल, टोल वसूली जारी लेकिन सड़क बदहाल
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर एमपीआरडीसी की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सड़क की मरम्मत के नाम पर विभाग ने पहले से भरे हुए हिस्सों पर ही पैचवर्क कर दिया, जबकि दीवानगंज पुरानी चौकी के सामने मौजूद जानलेवा गहरा गड्ढा आज भी नहीं भरा गया। यही गड्ढा पिछले दो महीनों में 12 मोटरसाइकिल चालकों के घायल होने का कारण बन चुका है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की नींद नहीं टूटी।
ग्रामीणों का कहना है कि टोल टैक्स से लेकर चोपड़ा तक हाईवे पर हजारों छोटे-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। बारिश का मौसम शुरू होने वाला है और यदि समय रहते इन गड्ढों की मरम्मत नहीं हुई तो हादसों की संख्या और बढ़ सकती है। लोगों का आरोप है कि एमपीआरडीसी केवल औपचारिक पैचवर्क कर अपनी जिम्मेदारी निभा रही है, जबकि वास्तविक रूप से खतरनाक गड्ढों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस हाईवे से प्रतिदिन 10 से 12 हजार वाहन गुजरते हैं। भारी-भरकम टोल टैक्स वसूलने के बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर सड़क रखरखाव पर खर्च कहां हो रहा है। हर वर्ष इसी हाईवे पर गड्ढों की वजह से कई सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और अनेक लोग घायल होते हैं।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने एमपीआरडीसी एवं जिला प्रशासन से तत्काल सभी गड्ढों की मरम्मत कराने, विशेष रूप से दीवानगंज पुरानी चौकी के सामने बने जानलेवा गड्ढे को तुरंत भरने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनआंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
इनका कहना हे
में रोजाना दीवानगंज से विदिशा अप डाउन करता हूं दीवानगंज चौकी के सामने बना गहरा गड्ढा जानलेवा साबित हो रहा है कई बार तो मेरी गाड़ी का पहिया इस गड्ढे में गिर चुका है जिससे मैं अनियंत्रित होकर गिरने से बाल बाल बच्चा हूं।
सुरेंद्र सिंह नायक स्थानीय निवासी दीवानगंज
मैं रोजाना दीवानगंज से भोपाल अप डाउन करता हूं। 22 किलोमीटर मार्ग पर हजारों कई गहरे गड्ढे बन गए हैं जिनमें कई बार मेरी गाड़ी का पहिया गिर गया है। जिससे मैं कई बार गिरते गिरते बचा हूं। अब इन गड्ढों में पानी भरने लगा है जिससे और हादसे बढ़ेंगे।
जवाहरलाल जैन