राहुल राजोरिया रायसेन
रायसेन-भोपाल मार्ग पर ग्राम नीमखेड़ा के पास पेट्रोल पंप के समीप एक यात्री बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बस में सवार कई यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, बस के सामने अचानक मोटरसाइकिल आ जाने के बाद उसे बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सैंडोरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए जाम खुलवाया और घायल यात्रियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।

परिवहन व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच जिले की परिवहन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि जिला परिवहन कार्यालय की निगरानी व्यवस्था प्रभावी नहीं है और सड़क पर वाहनों की फिटनेस, परमिट तथा यातायात नियमों के पालन की पर्याप्त जांच नहीं हो रही।
हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। यह भी जांच का विषय है कि दुर्घटना में बस की गति, वाहन की स्थिति और चालक की लापरवाही की क्या भूमिका रही।
इससे पहले बेतवा नदी के पास भी कार दुर्घटना में तीन लोग घायल हुए थे। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बाद अब सवाल यह है कि इन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग और संबंधित एजेंसियां कब प्रभावी कदम उठाएंगी?