गुफा मंदिर में सुबह-शाम उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, कोरी मोहल्ला स्थित नवनिर्मित मंदिर में विराजेंगे शिव-पार्वती परिवार
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सावन के पावन महीने में क्षेत्रभर में धार्मिक आस्था का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह मंदिरों में पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और भगवान शिव का जलाभिषेक किया जा रहा है। सुबह होते ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सावन के चलते क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी भक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
दीवानगंज क्षेत्र के प्रसिद्ध गुफा मंदिर पर विराजमान काली माता के दर्शन के लिए रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगना शुरू हो जाता है और शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। भक्त माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। सावन के चलते मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण और भी भक्तिमय नजर आ रहा है।
वर्षों बाद पूरा हुआ मंदिर निर्माण
वहीं दीवानगंज के कोरी मोहल्ला में कई वर्षों से चल रहा नए मंदिर का निर्माण कार्य अब पूरा हो चुका है। मंदिर के पूर्ण होने के बाद यहां भगवान शिव-पार्वती के परिवार को विधि-विधान के साथ विराजमान कराने की तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर निर्माण पूरा होने से मोहल्ले के लोगों में भी उत्साह का माहौल है।
रविवार को निकलेगी भव्य भाव कलश यात्रा
इसी धार्मिक आयोजन के तहत रविवार को दीवानगंज के प्रमुख मार्गों से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में दीवानगंज सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालु कलश यात्रा में शामिल होकर धार्मिक लाभ लेंगे। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति और जयकारों से गूंजता नजर आएगा।
मंदिर में शिव-पार्वती परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं और आसपास के ग्रामीणों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। सावन के महीने में होने वाले इस धार्मिक आयोजन से दीवानगंज में एक बार फिर भक्तिमय माहौल देखने को मिलेगा।